पोड़ी उपरोड़ा (आई.बी.एन -24)| 29 मई 2026:
एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर की टीम ने कोरबा जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पोड़ी उपरोड़ा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाबू प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी इसी माह रिटायर होने वाले प्रधान पाठक से GPF पासबुक में कटौती की एंट्री करने के एवज में रिश्वत मांग रहा था
।
क्या है पूरा मामला:
प्राथमिक शाला रोगदा, ब्लॉक करतला में पदस्थ प्रधान पाठक अमृत लाल बघेल मई 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। वे पहले पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में पदस्थ थे। रिटायरमेंट से पहले GPF पासबुक में पोड़ी उपरोड़ा में पदस्थापना के दौरान की GPF कटौती की एंट्री कराने के लिए उन्होंने अपना पासबुक BEO कार्यालय पोड़ी उपरोड़ा के बाबू प्रदीप मिश्रा के पास जमा किया था।

जब प्रधान पाठक अमृत लाल बघेल एंट्री के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे तो बाबू प्रदीप मिश्रा ने पासबुक में एंट्री करने के बदले 40 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। रिश्वत न देने की नीयत से प्रधान पाठक ने ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई।
ऐसे बिछाया गया जाल:
ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया तो मामला सही पाया गया। इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। आज 29 मई को आरोपी बाबू प्रदीप मिश्रा ने प्रार्थी अमृत लाल बघेल को रिश्वत की रकम लेकर ग्राम तुमान में जन समस्या निवारण शिविर के पास बुलाया।
योजना के तहत प्रार्थी को रिश्वत की रकम देने मिडिल स्कूल तुमान के परिसर में भेजा गया। जैसे ही आरोपी प्रदीप मिश्रा ने प्रार्थी से 40 हजार रुपए लेकर अपनी जेब में रखे, पहले से घात लगाए बैठी ACB टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया।
ACB की कार्रवाई:
1. रकम बरामद: आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम 40 हजार रुपए बरामद कर ली गई है।
2. केस दर्ज: आरोपी प्रदीप मिश्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
3. लगातार एक्शन: ACB अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्ट लोकसेवकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में यह ट्रैप किया गया।
ACB की अपील: –
एंटी करप्शन ब्यूरो ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी शासकीय विभाग का अधिकारी-कर्मचारी यदि काम के बदले रिश्वत मांगता है तो तुरंत ACB को सूचना दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।