
कोरबा (आई.बी. एन -24) जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एसी कॉपर पाइप चोरी मामले का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल 6 विधि से संघर्षरत बालकों पर पृथक वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एसी (AC) के कॉपर पाइप के छोटे-छोटे टुकड़ों में कटा हुआ कुल 37 नग माल मशरूका बरामद कर जप्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामला अपराध क्रमांक 360/2026, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस से संबंधित है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में जिलेभर में लगातार अभियान चलाकर अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है। प्रार्थी की शिकायत पर 25 अप्रैल 2026 को थाना सिविल लाइन रामपुर में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। जांच के दौरान 6 विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई, जिन पर अलग से वैधानिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश पाण्डेय निवासी लालघाट बालको, बिद्दू कुमार साव निवासी राताखार और आशीष यादव निवासी परसाभाठा शामिल हैं। थाना सिविल लाइन रामपुर प्रभारी आस्था शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी या अवैध कार्य की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।