
बांकीमोंगरा (आई.बी.एन -24) नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड क्रमांक 15 में नाली निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है। पार्षद प्रतिनिधि मधुसूदन दास ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नाराजगी जताई है।
ज्ञापन में बताया गया कि कुर्मीपारा क्षेत्र में राजेंद्र यादव के घर से सुनीता घरतक के मकान तक नाली को खोदकर पिछले 2-3 महीनों से अधूरा छोड़ दिया गया है। खुली नाली के कारण क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बारिश में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका ने कोई कार्रवाई नहीं की। पार्षद प्रतिनिधि मधुसूदन दास ने मांग की है कि तीन दिनों के भीतर नाली निर्माण पूरा कर लगभग 15-20 मीटर हिस्से में ढक्कनयुक्त नाली बनाई जाए, ताकि लोगों को राहत मिले और हादसों से बचाव हो सके।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों के साथ नगर पालिका कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। क्षेत्र के नागरिकों ने भी जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कर स्थायी समाधान की मांग की है।