
ढोंगदरहा (आई. बी. एन -24) ग्राम पंचायत ढोंगदरहा के टिकरापारा मोहल्ला में ग्रामीण पिछले 10-12 सालों से सार्वजनिक रूप से मां दुर्गा पंडाल बनाकर मां दुर्गा की स्थापना करते आ रहे हैं। गांव की जनता वहां पूजा-अर्चना कर अपने और गांव की सुख-समृद्धि व सुरक्षा का आशीर्वाद मांगती है।
ग्रामीणों की मांग पर लगभग दो वर्ष पहले शासन-प्रशासन द्वारा टिकरापारा में स्थायी दुर्गा मंच निर्माण का कार्य स्वीकृत कर शुरू किया गया था। लेकिन दो साल से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी मंच का निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो पाया है। अधूरे मंच के कारण हर साल पंडाल बनाने में ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है कि आगामी शारदीय नवरात्रि से पहले मंच का निर्माण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि गांव में मां दुर्गा की स्थापना विधिवत और सुव्यवस्थित रूप से हो सके।