
कोरबा (आई.बी.एन -24) कटघोरा में स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक तरफ BMO कार्यालय के निर्माण में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप हैं, तो दूसरी तरफ अस्पताल परिसर की कीमती शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर कॉम्प्लेक्स खड़ा किया जा रहा है।
कटघोरा निवासी अभिषेक कौशिक ने दोनों मामलों की शिकायत कर प्रशासन से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पहला मामला: BMO कार्यालय निर्माण में गोलमाल।
शिकायत में कहा गया है कि BMO कार्यालय कटघोरा के निर्माण में सामग्री की घटिया गुणवत्ता, एस्टीमेट में गड़बड़ी, निविदा प्रक्रिया और भुगतान में अनियमितता बरती गई है।
अभिषेक कौशिक ने मांग की कि स्थापत्य-तकनीकी स्वीकृति, कार्यादेश, MB बुक और भुगतान की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो।

दूसरा मामला: खसरा 235 पर भूमाफियाओं का कब्जा।
दूसरी शिकायत में आरोप है कि खसरा नं. 235 की आरक्षित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर दुकानें और कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं। ये जमीन पहले स्कूल के मैदान और नवानगांव जाने वाले मुख्य मार्ग के लिए थी।
अवैध निर्माण से नवानगांव का रास्ता बंद हो गया है और कटघोरा चौक में रोज जाम लग रहा है। SDM से मांग की गई है कि अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए।
कलेक्टर, उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को भेजी शिकायत।
दोनों शिकायतों की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जयसवाल को भेजी गई है।
अभिषेक कौशिक ने कहा “सरकारी पैसा भी लुट रहा है और सरकारी जमीन भी निगली जा रही है। समय रहते जांच नहीं हुई तो जनता सड़क पर उतरेगी।”
फिलहाल स्वास्थ्य और राजस्व विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।