
जशपुर नगर | 21 जुलाई 2026 | संवाददाता
ग्राम पंचायत घटमुण्डा के वार्ड क्रमांक 20 (सरना पारा) में लंबे समय से व्याप्त पेयजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवप्रकाश तिवारी ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में तत्काल नए बोर (हैंडपंप) खनन एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार सरना पारा में पीने योग्य पानी का कोई स्थायी एवं सुचारू स्रोत उपलब्ध नहीं है। पानी की गंभीर समस्या के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को प्रतिदिन दूर-दराज़ से पानी लाना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में भी ग्रामीण दूषित जल का उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे लगातार बढ़ रहे हैं।
ग्रामीणों की पीड़ा बने जनप्रतिनिधि की आवाज़
शिवप्रकाश तिवारी ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें क्षेत्र की गंभीर समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद उन्होंने मौके की जानकारी लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पत्रांक-135 के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया। विभाग ने आवेदन प्राप्त कर उसकी विधिवत पावती भी जारी की है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि ग्राम पंचायत घटमुण्डा, वार्ड क्रमांक 20 (सरना पारा), तहसील कुनकुरी में विभागीय मद से शीघ्र नए बोर का खनन कराया जाए तथा हैंडपंप स्थापित कर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
“पानी जैसी मूलभूत सुविधा हर नागरिक का अधिकार”
शिवप्रकाश तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा के अभाव में किसी भी ग्रामीण को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करेगा।
