
कोरबा(आई.बी.एन-24)10जुलाई 2026 ग्राम पंचायत पटपरा के आश्रित मोहल्ला डाही डुग्गू में पुल नहीं बनने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में नाला उफान पर रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
डाही डुग्गू मोहल्ले की आबादी करीब 200 परिवारों की है। रोजाना स्कूल जाने वाले बच्चे, मजदूरी करने वाले लोग और मरीज इसी रास्ते से गुजरते हैं। पुल के अभाव में लोगों को जान जोखिम में डालकर पानी पार करना पड़ रहा है। अब तक कई बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि _”हम पिछले कई वर्षों से पुल की मांग कर रहे हैं। चुनाव के समय नेता वादा करके चले जाते हैं लेकिन आज तक पुल नहीं बना। बरसात में 3 से 4 महीने तक हमारा गांव मुख्य मार्ग से कट जाता है। बीमार को अस्पताल ले जाने में भी बहुत दिक्कत होती है।”_
महिलाओं ने बताया कि गर्भवती महिलाओं को डिलीवरी के समय 5 किमी घूमकर जाना पड़ता है, जिससे समय पर इलाज नहीं मिल पाता।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि डाही डुग्गू में शीघ्र पक्का पुल का निर्माण कराया जाए ताकि आम जनता और बच्चों को राहत मिल सके। अन्यथा मजबूरन उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा…


