
बाँकी मोंगरा (आई.बी.एन-24): नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा क्षेत्र में कोहड़िया पानी प्लांट से सप्लाई किए जाने वाले टेपनल पानी की व्यवस्था पिछले 10-12 दिनों से ठप पड़ी है। इस पेयजल संकट को दूर करने की मांग को लेकर नगर पालिका क्षेत्र के समस्त विपक्षी पार्षदों ने गुरुवार को कलेक्टर कोरबा एवं निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। पार्षदों ने कोहड़िया स्थित प्लांट का निरीक्षण कर जल्द से जल्द सुधार कर जलसंकट से निजात दिलाने की मांग की।
पार्षदों ने कहा कि टेपनल पानी दिन में 2 बार चलाया जाए और सुबह 3-4 बजे खोले जाने वाले पानी को सही समय पर चलाया जाए। चेतावनी दी गई कि जल्द समस्या का निराकरण नहीं होने पर जनता के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा। 
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास ने कहा कि बाँकी मोंगरा में पानी को लेकर अत्यंत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कोहड़िया प्लांट में टेपनल संबंधित समस्या को 10 दिन बीत चुके हैं परंतु समाधान शून्य है। पहले सुबह के समय 1 घंटे पानी दिया जाता था, अब वह भी बंद हो गया है। भीषण गर्मी में पानी जैसे मुख्य कार्य के लिए कोई वैकल्पिक योजना नहीं होना दुर्भाग्य का विषय है। प्रतिदिन ‘आज चलेगा’ की उम्मीद में बैठे हैं, परंतु उम्मीद केवल हवा बनकर उड़ जा रही है। 21वीं सदी में भी पानी के लिए संघर्ष करना पड़े तो कैसा विकासशील कोरबा? उन्होंने 30 वार्डों में टेपनल समस्या का समाधान करने, दिन में 2 बार पानी चलाने और सुबह के पानी को सही समय में खोलने की मांग का पत्र सौंपा।
पार्षद राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास, इंद्रजीत बींझवार ने संयुक्त रूप से कहा कि गर्मी को देखते हुए समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाए, क्योंकि पानी नहीं होने से आमजनों के रोजमर्रा के कार्यों में दिक्कत हो रही है। समाधान नहीं होने पर सभी पार्षदगण आमजनता के साथ उग्र आंदोलन हेतु बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास, राकेश अग्रवाल, संदीप डहरिया, राजकुमारी बंसी दास, इंद्रजीत बींझवार, नंदलाल, बबलू मारवा, कमल चंद्रा, धनंजय राठौर, खगेश कर्ष और अनेक पार्षद एवं आमजन उपस्थित थे।