
कोरबा (आई.बी.एन -24)। ग्राम डुडगा में फौती नामांतरण के नाम पर रिश्वत मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि हल्का नंबर 9 के पटवारी विनोद कंवर ने मृतक के परिजनों से नामांतरण दर्ज करने के एवज में 8,000 रुपये की मांग की।
जानकारी के अनुसार ग्राम डुडगा निवासी उदेश्वर यादव की सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। परिवार अभी इस दुखद घटना से उबर भी नहीं पाया था कि फौती नामांतरण की प्रक्रिया के दौरान कथित रूप से पैसों की मांग की गई। परिजनों का आरोप है कि पटवारी द्वारा 8,000 रुपये की मांग की गई, और पूरा राशि ले लिया गया ।
इसी प्रकार हरिहर यादव से भी फौती नामांतरण संबंधी कार्य के लिए 8,000 रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि 4,000 रुपये पहले ही लिए जा चुके हैं तथा शेष राशि देने का दबाव बनाया जा रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने डोंगरी में आयोजित सुशासन शिविर में प्रशासन से शिकायत करते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा संबंधित पटवारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि फौती नामांतरण जैसी संवेदनशील प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या रिश्वतखोरी अत्यंत निंदनीय है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी पटवारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि आम नागरिकों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे।
अब इस मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है, इस पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है।