
कोरबा (आई.बी.एन -24) उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 18 बिझरा के उपचुनाव में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) के उम्मीदवार कन्हैया लाल चौहान ने 166 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 892 वोट प्राप्त हुए, जबकि निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार अनीता यादव को 726 वोट मिले।
यह उपचुनाव पूर्व जनपद सदस्य स्व. अक्षय गर्ग की हत्या के बाद रिक्त हुई सीट पर कराया गया था, जिसके कारण पूरे क्षेत्र की नजरें इस चुनाव पर टिकी थीं।
चुनाव परिणाम में सबसे अधिक चर्चा हत्याकांड के आरोपी बताए जाने वाले मुश्ताक मिर्जा की हार को लेकर रही। चुनाव मैदान में उतरे मुश्ताक मिर्जा को मात्र 379 वोट मिले और वे चौथे स्थान पर रहे। वहीं राजेंद्र सिंह 511 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
परिणाम घोषित होते ही बिझरा क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया। गोंगपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने कन्हैया लाल चौहान को कंधों पर उठाकर विजय जुलूस निकाला तथा ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया।
पाली-तानाखार के विधायक तुलेश्वर मरकाम ने दूरभाष पर विजेता उम्मीदवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं कुलदीप मरकाम ने इसे क्षेत्र की जनता की जीत बताते हुए कहा कि मतदाताओं ने विकास और न्याय के पक्ष में अपना समर्थन दिया है।
क्षेत्रीय राजनीति में इस परिणाम को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।