क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

जशपुर के वार्ड क्रमांक 12 तिवारी कॉलोनी और वार्ड 20 में पेयजल संकट गहराया, दूषित पानी की आपूर्ति से महामारी का खतरा: शिवप्रकाश तिवारी

जशपुर (आई.बी.एन -24)  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवप्रकाश तिवारी ने जशपुर नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 तिवारी कॉलोनी और वार्ड नंबर 20 में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने और दूषित व कीटाणुयुक्त पानी की आपूर्ति होने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) जशपुर को एक आधिकारिक पत्र सौंपकर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी प्रतिलिपि जिला कलेक्टर और माननीय मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है।

श्री तिवारी ने बताया कि इन दोनों वार्डों में पिछले कुछ समय से पानी की सप्लाई की स्थिति बदहाल हो चुकी है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में आने वाले पानी में साफ तौर पर गंदगी और कीटाणु देखे जा रहे हैं।

यह सीधे तौर पर आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है, जिससे क्षेत्र में कोई गंभीर बीमारी या महामारी फैलने का अंदेसा बना हुआ है।

भाजपा नेता ने पत्र में कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश में हमारी भारतीय जनता पार्टी की सरकार है और हमारे यशस्वी मुख्यमंत्री जी दिन-रात जनता की खुशहाली और विकास के लिए तत्पर हैं।

ऐसे संवेदनशील शासनकाल में भी धरातल पर पेयजल की ऐसी बदहाल स्थिति उत्पन्न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निराशाजनक है। यह सीधे तौर पर संबंधित विभाग के कर्मचारियों की घोर लापरवाही और अकर्मण्यता को दर्शाता है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या को तत्काल संज्ञान में लेते हुए वार्ड क्रमांक 12 तिवारी कॉलोनी और वार्ड 20 में पेयजल आपूर्ति को सुचारू रूप से व्यवस्थित कराया जाए, दूषित पानी की समस्या के निवारण हेतु

पाइपलाइनों की तत्काल जांच और पानी के शुद्धिकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। श्री तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि इस जनहित की गंभीर समस्या का तत्काल निराकरण नहीं किया जाता है, तो वे विवश होकर इस पूरी स्थिति और विभाग की लापरवाही से माननीय मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर व्यक्तिगत रूप से अवगत कराएंगे।

सौंपा गया यह ज्ञापन पूर्णतः हस्ताक्षर युक्त है, जिसमें क्षेत्र के नागरिकों ने अपनी एकजुटता दिखाते हुए हस्ताक्षर कर प्रशासन से जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर प्रशासन को तुरंत ध्यान देना चाहिए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!