
संवाददाता : अनुज पाठक
बांकीमोंगरा, कोरबा | 13 अप्रैल 2026
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में बढ़ती आपात स्थितियों को देखते हुए फायर ब्रिगेड (दमकल) वाहन की उपलब्धता को लेकर एक महत्वपूर्ण मांग सामने आई है। वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को पत्र लिखकर क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि बांकीमोंगरा एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां हाल ही में 12 अप्रैल को आग लगने की घटना सामने आई थी। इस दौरान अन्य स्थान से बुलाए गए दमकल वाहन की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन स्थानीय स्तर पर संसाधनों की कमी स्पष्ट रूप से सामने आई।
पार्षद ने अपने पत्र में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि भविष्य में कोई बड़ी आगजनी या आपात स्थिति उत्पन्न होती है, तो बिना स्थानीय फायर ब्रिगेड के स्थिति गंभीर रूप ले सकती है। उन्होंने जन सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए नगर पालिका में जल्द से जल्द फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस मांग के समर्थन में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों में भी चिंता देखी जा रही है। पत्र की प्रतिलिपि संबंधित उच्च अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को भी भेजी गई है, जिससे इस मुद्दे पर शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मांग पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है और क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करता है।