क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

बरपाली में स्वास्थ्य केंद्र भवन वहां बने जहां ग्रामीणों को सुलभता से मिले स्वस्थ लाभ – ग्रामीण।

बरपाली /कोरबा(आई.बी.एन 24) 30 जून 2025
ग्राम बरपाली के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्टर कोरबा को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित नवीन स्वास्थ्य केंद्र भवन के स्थान पर आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों ने मांग की है कि लगभग ₹37 लाख की लागत से बनने वाला यह भवन गांव के अंतिम छोर के बजाय बस स्टैंड के समीप, आबादी के मध्य स्थित मुख्य मार्ग पर बनाया जाए, ताकि अधिकतम लाभार्थियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

वर्तमान प्रस्ताव पर आपत्तियाँ

दूरी और पहुँच : ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत द्वारा चुना गया स्थान मुख्य मार्ग से लगभग 3 किलोमीटर दूर है, जिससे बुज़ुर्गों, बच्चों और आपात काल की स्थिति में रोगियों को अस्पताल तक पहुँचने में कठिनाई होगी

सुरक्षा और उपयोगिता का सवाल : ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि यदि भवन निर्जन क्षेत्र में बनाया गया, तो वह भविष्य में “सफेद हाथी” सिद्ध हो सकता है और असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बनने का खतरा रहेगा।

ग्रामीणों की मांग

ग्रामीणों का तर्क है कि बरपाली क्षेत्र व्यापार और शिक्षा का केन्द्र होने के कारण आसपास के दर्जनों गाँवों के लोग प्रतिदिन यहां आते-जाते हैं। इसलिए स्वास्थ्य केंद्र बस स्टैंड के समीप मुख्य बाज़ार में बने तो न केवल बरपाली बल्कि आसपास के गाँवों के निवासियों को भी त्वरित स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी।

प्रशासन से अपेक्षा

ज्ञापन में कलेक्टर से आग्रह किया गया है कि पंचायत द्वारा प्रस्तावित स्थान को निरस्त कर ग्राम के मध्य वैकल्पिक भूमि का चयन किया जाए। ग्रामीणों ने भरोसा जताया है कि प्रशासन शीघ्र ही स्थल निरीक्षण कर जनहित में उचित निर्णय लेगा।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!