क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

पाली : 4 करोड़ 39 लाख की स्वीकृत राशि के बाद भी अधूरा गाजर नाला सेतु मार्ग, अधिकारी मौन।

पाली (आई.बी.एन -24 न्यूज)छह साल से अधूरा एप्रोच मार्ग, कई गांवों के ग्रामीण और स्कूली बच्चे परेशान; जल्द कार्य नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत ढूकुपथरा में गाजर नाला पर सेतु पुल का निर्माण कार्य वर्ष 2020 में प्रारंभ किया गया था। लगभग छह वर्ष बीत जाने के बाद पुलिया का निर्माण तो पूरा हो गया, लेकिन पुलिया के दोनों ओर का एप्रोच मार्ग एवं आसपास का आवश्यक निर्माण कार्य अब भी अधूरा पड़ा हुआ है।

ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य के लिए 4 करोड़ 39 लाख रुपये की स्वीकृत राशि जारी की गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने से खैराडुबान, सीस, बकसाही, रमदेई सहित आसपास के अन्य गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अधूरे रास्ते के कारण स्कूली बच्चों को भी आने-जाने में परेशानी होती है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बारिश के मौसम में ग्रामीणों की समस्या और बढ़ जाती है।

कई बार कलेक्टर एवं शासकीय कार्यालयों में शिकायत।

ग्राम प्रधान अमोला राजकुमार बिंझवार एवं ग्रामीणों द्वारा इस समस्या को लेकर कई बार कलेक्टर सहित अन्य संबंधित शासकीय कार्यालयों में शिकायत एवं आवेदन दिया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से समस्या झेलने के बावजूद उनकी शिकायतों पर जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

जल्द कार्य नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गाजर नाला सेतु पुल के दोनों ओर अधूरे पड़े एप्रोच मार्ग एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य को तत्काल पूरा कराया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अधूरा कार्य पूरा नहीं कराया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं प्रशासन की होगी।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!