
कोरबा/कटघोरा (आई.बी.एन-24) पाली विकासखंड के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मौहापानी में दबंगई का मामला सामने आया है। थाने में शिकायत के 11 दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं होने से आरोपी बेखौफ घूम रहा है।
प्रार्थी भरतलाल यादव पिता संतराम, निवासी भेलवाटिकरा मोहल्ला, मौहापानी, तहसील पाली ने 24 अगस्त 2026 को एसपी कोरबा को दिए आवेदन में बताया कि 12 अगस्त को दोपहर 3 बजे वह देउरभांठा स्थित वश किराना दुकान जा रहा था। रास्ते में गांव के ही बलराम सिंह कंवर ने उसे रोककर अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने कहा – “काट दूंगा, थाने में रिपोर्ट कराएगा तो भी मारूंगा, मेरा ग्रुप चलता है, घर घुसकर मार दूंगा।” घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था और पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने डायल 112 को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गया। दूसरे दिन 13 अगस्त को पीड़ित ने कटघोरा थाने में लिखित शिकायत दी, पर आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
कार्रवाई न होने से आरोपी का हौसला बढ़ गया है और वह लगातार गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दे रहा है। भयभीत पीड़ित ने एसपी से आवेदन देकर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है और आशंका जताई है कि कार्रवाई नहीं हुई तो उसके साथ बड़ी अनहोनी हो सकती है।

