
करतला (आई.बी.एन -24) भारत की आजादी की 80वीं वर्षगांठ को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां पूरे देश में जोर-शोर से चल रही हैं। इसी कड़ी में 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह से पूर्व देशभक्ति का माहौल बनाने और आमजन में राष्ट्रीय भावना जगाने के उद्देश्य से “हर घर तिरंगा, हर दिल तिरंगा” अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।
इसी क्रम में कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डोंगदरहा में गुरुवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में गांव के बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लिए और “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” के नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने की अगुवाई
तिरंगा यात्रा का नेतृत्व ग्राम पंचायत डोंगदरहा की सरपंच श्रीमति अमिला राठिया ने किया। उनके साथ भूतपूर्व सरपंच श्री मालिकराम राठिया पंचायत सचिव श्री दिलेश्वर सिंह और शाला प्रबंधक श्री संजय कुमार मंझवार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
यात्रा में स्कूल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। सभी ने अनुशासन के साथ तिरंगे को कंधे पर लेकर गांव की मुख्य सड़कों से होकर यात्रा निकाली और लोगों को देशभक्ति का संदेश दिया।
देशभक्ति का संदेश।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमति अमिला राठिया ने कहा कि “15 अगस्त सिर्फ एक तारीख नहीं है, ये हमारे शहीदों के बलिदान की निशानी है। तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। हर घर पर तिरंगा फहराकर हम अपने वीर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे।”
भूतपूर्व सरपंच श्री मालिकराम राठिया ने युवाओं से अपील की कि वे नशे और बुराइयों से दूर रहकर देश सेवा में अपना योगदान दें। शाला प्रबंधक श्री संजय कुमार मंझवार ने कहा कि बच्चों में बचपन से ही देशभक्ति के संस्कार डालना जरूरी है, तभी हमारा देश मजबूत बनेगा।
गांव में देशभक्ति का माहौल।
यात्रा के दौरान पूरा गांव तिरंगे के रंगों से सराबोर नजर आया। घरों, दुकानों और वाहनों पर तिरंगे लहराते दिखे। लोगों ने अपने घरों की छतों से फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया। पंचायत द्वारा यात्रा के समापन पर राष्ट्रगान किया गया और मिठाइयां वितरित की गईं।
पंचायत सचिव श्री दिलेश्वर सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 15 अगस्त तक गांव के हर घर में तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ग्रामवासियों को जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पंचायत के सभी सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, समूह की महिलाएं और ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
रिपोर्ट: प्रदीप दास महंत, IBN 24 न्यूज, करतला।