
बिंझरा/कोरबा (आई.बी.एन-24): शासकीय हाई स्कूल विजयनगर के मिडिल स्कूल बिंझरा परिसर में योग सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य भैयाराम कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
योग की जीवंत प्रस्तुति:
योगाचार्य एडवोकेट शिवचरण चौहान व योग प्रशिक्षक पंच एवं विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण दास महंत ने योग की विभिन्न मुद्राओं व क्रियाओं का न केवल जीवंत प्रदर्शन किया, बल्कि प्राचार्य श्रीमती नीलू अवस्थी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, ग्रामीण जनों व विद्यार्थियों को सहभागी बनाकर योग के लाभों से अवगत कराया।
प्रधान पाठक ने कराईं षट्कर्म क्रियाएं:
कार्यक्रम का संचालन करते हुए राज्यपाल पुरस्कृत प्रधान पाठक सर्वेश सोनी ने कुंजल, जल नेती, घृत नेती, सूत्र नेति, शंख प्रक्षालन जैसी षट्कर्म क्रियाओं की विधि, लाभ व सावधानियों से परिचित कराया। उन्होंने स्वयं खगासन व ब्रह्मांजलि मुद्रा का भी प्रदर्शन किया।
नौली क्रिया ने किया भावविभोर:
योग प्रशिक्षक लक्ष्मण दास महंत ने योग प्रार्थना के साथ प्राणायाम व कपालभाति का अभ्यास कराया। वहीं मुख्य प्रशिक्षक शिवचरण चौहान ने शीर्षासन, चक्रासन, गोमुख आसन व कठिन नौली क्रिया का प्रदर्शन कर सभी को अचंभित व भावविभोर कर दिया।

ये रहे उपस्थित:।
कार्यक्रम में राजेश कश्यप, मिलन भाई, रोशन, नकुल यादव, हरिराम पटेल के अलावा शिक्षिकाएं लीली ग्रेस कुजूर, अलका सोनी, डॉ. अनिता पटेल, सरस्वती कश्यप, मीनी मैथ्यू, वीणा पांडेय, संध्या रानी ठाकुर, पुष्पलता महेश आदि मौजूद रहीं।
प्राचार्य ने दिया धन्यवाद:
प्राचार्य श्रीमती नीलू अवस्थी ने जनपद सदस्य, दोनों प्रशिक्षकों, पालकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यार्थियों को योग सप्ताह की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि योग को दिनचर्या में शामिल कर बच्चे शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकते हैं। सफल कार्यक्रम के लिए सभी का आभार जताया।
योग सप्ताह के दौरान स्कूल परिसर “करो योग, रहो निरोग” के नारों से गूंजता रहा।