क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

कटघोरा को जिला बनाने की मांग फिर हुई तेज, भाजपा नेता राजेश यादव ने सुशासन तिहार में सौंपा ज्ञापन।

कटघोरा, 5 जून 2026। कटघोरा को पृथक जिला बनाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक राजेश यादव ने सुशासन तिहार के अवसर पर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कटघोरा को नया जिला घोषित करने की मांग की है।

 

सौंपे गए ज्ञापन में श्री यादव ने उल्लेख किया है कि कटघोरा एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण नगर है, जो जनसंख्या, क्षेत्रफल, प्रशासनिक सुविधा तथा आर्थिक दृष्टि से जिला बनने की सभी आवश्यक योग्यताएं रखता है। वर्तमान में कोरबा जिला मुख्यालय की दूरी अधिक होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों को शासकीय कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों द्वारा कटघोरा को जिला बनाने का वादा किया जाता है, किंतु चुनाव समाप्त होने के बाद यह मुद्दा ठंडे बस्ते में चला जाता है। इससे क्षेत्र की जनता में निराशा और नाराजगी व्याप्त है।

राजेश यादव ने ज्ञापन के माध्यम से शासन से आग्रह किया है कि कटघोरा क्षेत्र की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इसे पृथक जिला बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की जाए। उन्होंने कहा कि कटघोरा न केवल प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यहां देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां SECL एवं NTPC संचालित हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में लिथियम खनिज के भंडार मिलने से इसका औद्योगिक एवं आर्थिक महत्व और बढ़ गया है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही इस जनभावना पर सकारात्मक विचार करेगी और कटघोरा को जिला बनाने की मांग को शीघ्र पूरा करेगी।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!