
कोरबा (आई.बी.एन -24) पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बरहामुड़ा में आज मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात हुई। चरित्र शंका के चलते पति रमाशंकर यादव 35 ने अपनी पत्नी पूर्णिमा यादव 30 की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
सुबह 9 से 10 बजे के बीच हुई वारदात।
जानकारी के मुताबिक रमाशंकर अपनी पत्नी के चरित्र पर लगातार शक करता था। आज सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर रमाशंकर ने घर में रखे धारदार हथियार से पूर्णिमा के गले पर कई वार कर दिए। मौके पर ही पूर्णिमा की मौत हो गई।
3 मासूम बच्चे हुए बेसहारा
मृतका के 2 बेटे और 1 बेटी हैं। मां की हत्या और पिता के हिरासत में जाने के बाद तीनों बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज कोरबा भेज दिया है। आरोपी पति रमाशंकर यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पाली थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चरित्र शंका में हत्या की बात कबूली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।