क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

रील के चक्कर में गई युवक की जान,अहिरन नदी में डूबने से मौत।

कोरबा/कुसमुंडा (आई.बी.एन -24) सोशल मीडिया पर रील बनाने का बढ़ता जुनून अब युवाओं की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। कुसमुंडा क्षेत्र की अहिरन नदी में एक युवक की दर्दनाक मौत ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए अपनी जान जोखिम में डालना कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

जानकारी के अनुसार विकास नगर कुसमुंडा निवासी युवक मंगलवार को अपने दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने नदी में छलांग लगाते हुए वीडियो बनाने को कहा। युवक कुछ देर तक पानी में तैरता दिखाई दिया, लेकिन अचानक उसके हाथ-पांव जवाब देने लगे और देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया। घटना का वीडियो उसके दोस्त के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया में वायरल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। गोताखोरों और रेस्क्यू टीम ने देर शाम तक युवक की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। अगले दिन फिर से खोजबीन शुरू हुई। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन लंबे प्रयास के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका। आखिरकार देर रात युवक का शव पानी में ऊपर आ गया, जिसे बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यह हादसा सिर्फ एक परिवार का दर्द नहीं, बल्कि समाज के लिए भी बड़ा संदेश है। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की होड़ में युवा अपनी सुरक्षा को नजरअंदाज कर रहे हैं। नदी, तालाब या खतरनाक स्थानों पर रील बनाना जानलेवा साबित हो सकता है। प्रशासन और समाज दोनों को मिलकर युवाओं को जागरूक करने की जरूरत है कि जिंदगी किसी भी वायरल वीडियो से कहीं ज्यादा कीमती है।

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!