क्राइमछत्तीसगढ़राजनीति

मानवता की सच्ची प्रहरी: एक फोन कॉल पर दौड़ीं “रक्तवीर बहन” अमृता सेंगर, 18वें रक्तदान से मासूम को दिया नया जीवन।

रायपुर ,एजेंसी | कहा जाता है कि “जहाँ संवेदनाएँ जीवित होती हैं, वहीं मानवता मुस्कुराती है।” धमतरी पुलिस की महिला आरक्षक अमृता सेंगर ने इस कथन को एक बार फिर चरितार्थ कर दिया। पुलिस की वर्दी पहनकर कानून की रक्षा करने वाली यह कर्मयोगिनी जब मानवता ने पुकारा, तो रात के अंधेरे में भी बिना एक पल गंवाए रक्तदान केंद्र पहुँच गईं और अपने 18वें स्वैच्छिक रक्तदान से एक मासूम बच्चे के जीवन की डोर थाम ली

जानकारी के अनुसार, बीती रात लगभग 10 बजे रेडक्रॉस सोसाइटी के शिवा प्रधान ने महिला आरक्षक अमृता सेंगर को सूचना दी कि एक मासूम बच्चे को तत्काल रक्त की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना किसी विलंब के रक्तदान केंद्र पहुँचकर रक्तदान किया। उनके इस निस्वार्थ और समय पर किए गए प्रयास से बच्चे के उपचार में महत्वपूर्ण सहायता मिली तथा उसके जीवन को नई उम्मीद मिली।

अमृता सेंगर केवल पुलिस विभाग की एक जिम्मेदार महिला आरक्षक ही नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और समर्पण की सजीव प्रतिमूर्ति हैं। वे अपने शासकीय दायित्वों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और मानव सेवा के कार्यों में भी सदैव अग्रणी रहती हैं। उनका यह 18वाँ स्वैच्छिक रक्तदान समाज के लिए प्रेरणा का प्रकाशस्तंभ बन गया है।

पुलिस अधीक्षक ने की मुक्तकंठ से प्रशंसा

धमतरी पुलिस अधीक्षक ने महिला आरक्षक अमृता सेंगर के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में समाज के साथ खड़े होकर मानव जीवन की रक्षा करना भी पुलिस का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने अमृता सेंगर के सेवाभाव, संवेदनशीलता और समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

धमतरी पुलिस द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की सेवा की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है। विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कर्तव्यों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का भी उत्कृष्ट निर्वहन कर रहे हैं।

भाजपा नेता राजेश यादव ने कहा— “ऐसी बेटियाँ समाज की अमूल्य धरोहर हैं”

महिला आरक्षक अमृता सेंगर की इस प्रेरणादायी उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश सह संयोजक, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ श्री राजेश यादव ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

श्री यादव ने कहा—

“बहन अमृता सेंगर ने यह सिद्ध कर दिया है कि वर्दी केवल कानून की रक्षा का प्रतीक नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी ढाल भी है। उनका 18वाँ स्वैच्छिक रक्तदान सेवा, त्याग और समर्पण की ऐसी मिसाल है, जो हर युवा और हर नागरिक को प्रेरित करेगी। ऐसे लोग वास्तव में समाज के लिए देवदूत हैं। भाजपा परिवार की ओर से बहन अमृता सेंगर को उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर जनसेवा के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ।”

 

धमतरी पुलिस परिवार ने भी महिला आरक्षक अमृता सेंगर को उनके 18वें स्वैच्छिक रक्तदान पर बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सेवामय जीवन की कामना की है।

रक्तदान महादान है — आपके कुछ मिनट किसी के पूरे जीवन की मुस्कान बन सकते हैं।”

Indian Business News

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!