
कोरबा/करतला, 25 जून 2026 । आज बुधवार को ग्राम ढोंगदरहा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला में शाला प्रवेश उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच श्री मालिक राम कंवर एवं शाला प्रबंधन समिति (SMC) अध्यक्ष श्री संजय मझवार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इसके बाद नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर एवं निःशुल्क गणवेश व पाठ्य-पुस्तकें देकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच मालिक राम कंवर ने बच्चों को नियमित शाला आने और मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया। SMC अध्यक्ष संजय मझवार ने कहा कि “शिक्षा ही विकास की कुंजी है। अभिभावक अपने बच्चों को रोज स्कूल भेजें, शाला परिवार पूरा सहयोग करेगा।”
प्रधान पाठक ने बताया कि इस सत्र में प्राथमिक शाला में 18 एवं पूर्व माध्यमिक शाला में 12 नए बच्चों ने प्रवेश लिया है। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
इस दौरान शाला के शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पालकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मध्यान्ह भोजन कराया गया।