
कोरबा/कटघोरा (आई. बी. एन -24)। जिले में लगातार बढ़ रही बिजली तार चोरी की घटनाओं पर कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बांकीमोंगरा एवं साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार, 12-13 मई की दरमियानी रात सिंघाली लोकहित क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने करीब 3100 मीटर विद्युत तार चोरी कर लिया था तथा 13 बिजली खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। इस घटना से जवाली, सिंघाली और देवरी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रार्थी रंजीत पेकरा, सहायक अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कटघोरा की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई त्वरित पतासाजी के बाद 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार, लोहे के उपकरण, एक मोबाइल फोन एवं एक साइकिल बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार साहू उर्फ मोनू (राजीवनगर, कटघोरा), विजयपाल कंवर (अमरपुर सिंघाली), शेखर सिंह अगरिया एवं अनुप कुमार चौहान शामिल हैं। वहीं एक अन्य आरोपी मोहनलाल रोहिदास को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेजा गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। भारतीय जनता पार्टी झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक राजेश यादव ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों की तत्काल मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाकर ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की।
श्री यादव ने कहा कि “चोरी कर आखिर आरोपियों को क्या हासिल हुआ? आज वे जेल पहुंच गए, लेकिन उनके इस कृत्य से परिवार भी परेशान होगा। शासन को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, भीषण जेठ की गर्मी में आम जनता बिजली संकट से जूझती रही। इनके कारनामों के कारण प्रशासनिक अधिकारियों को भी जनता के आक्रोश और दंश का सामना करना पड़ा। अपराध का अंत हमेशा सजा और बदनामी में ही होता है।”
कोरबा पुलिस ने कहा है कि अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का संदेश है — “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।”