बांकी मोंगरा : शासकीय उचित मूल्य दुकान की मनमानी, अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, जांच की मांग।
संवाददाता : अनुज पाठक।
बांकी मोंगरा (आई.बी.एन -24) न्यूज एजेंसी। शासकीय उचित मूल्य दुकान की मनमानी को लेकर अनुविभागीय अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
कोरबा जिले के बांकी मोंगरा क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकान में कथित अनियमितताओं और मनमानी को लेकर शिकायत की गई है। वार्ड क्रमांक 2/15 में संचालित उचित मूल्य दुकान के संबंध में क्षेत्रवासियों की ओर से अनुविभागीय अधिकारी, कटघोरा को लिखित ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राशन वितरण में लापरवाही बरती जा रही है तथा दुकान का संचालन मनमाने तरीके से किया जा रहा है। दुकान के खुलने और बंद होने का कोई निर्धारित समय नहीं है। शिकायत करने पर हितग्राहियों को राशन देने से मना कर दिया जाता है और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
बताया गया है कि दुकान सामुदायिक भवन में संचालित हो रही है, जिससे वार्ड 15 के बुजुर्ग और अन्य हितग्राहियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। बिना पूर्व सूचना दुकान बंद कर दिए जाने तथा लगभग 2-3 किलोमीटर की दूरी तय कर राशन लेने जाने की मजबूरी से लोगों में नाराजगी है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि उचित मूल्य दुकान का संचालन नियमानुसार कराया जाए तथा कुदरीपारा क्षेत्र के निवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महीने में एक सप्ताह वहां भी दुकान का संचालन किया जाए, ताकि आमजनों को राहत मिल सके।
प्रशासन से मामले में उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।