Shailendra
संवाददाता शैलेन्द्र डिक्सेना
कोरबा(आई बी एन-24)। रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को विभाग ने निलंबित कर दिया है। ACB की टीम ने उन्हें डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद राज्य कर आयुक्त ने निलंबन का आदेश जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज ने ACB में शिकायत की थी। उनका आरोप था कि 18 नवंबर को स्क्रैप से भरी उनकी गाड़ी को रोक लिया गया था। गाड़ी में माल के बिल होने के बावजूद 10 लाख रुपये जुर्माने की मांग की गई थी।
आरोप है कि गाड़ी छोड़ने के बदले पहले दो लाख रुपये मांगे गए। बाद में डेढ़ लाख रुपये देने की बात तय हुई। इसके बाद कारोबारी ने ACB से शिकायत कर दी।
रिश्वत लेते समय ACB ने पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद ACB ने जाल बिछाया। शनिवार को रिश्वत की रकम लेते समय GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम शामिल थी।
इस मामले में इमरान मेमन (30), निवासी संजयनगर कांकेर, को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने रिश्वत की रकम दिलाने में मदद की थी। उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
निलंबन के बाद जगदलपुर रहेगा मुख्यालय
राज्य कर आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आंचल गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, जगदलपुर संभाग रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
विज्ञापन