Indian Business News
दुर्ग (आई.बी.एन-24)। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के रिसाली में 101 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
इन कार्यों के अंतर्गत सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, उद्यान विकास, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट तथा सामुदायिक भवन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलने के साथ ही आम नागरिकों की सुविधाओं में भी बढ़ोतरी होगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि शहर आर्थिक विकास के प्रमुख केंद्र बनें। शहरों में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिले, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हों तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। रिसाली क्षेत्र के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
इंडियन बिजनेस न्यूज (आई.बी.एन-24) सच का आईना।
विज्ञापन