Indian Business News
कोरबा(आई.बी.एन -24) छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ ASMITA Rugby State League 2026-27 में कोरबा जिले की महिला रग्बी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता का आयोजन 21 एवं 22 नवंबर 2026 को स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम, कोटा, रायपुर में किया गया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 10 जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें कोरबा जिले की सीनियर गर्ल्स एवं जूनियर गर्ल्स टीम ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कोरबा की सीनियर गर्ल्स टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में बिलासपुर की टीम को 17-05 के स्कोर से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) अपने नाम किया।
वहीं जूनियर गर्ल्स टीम ने भी पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबले में बिलासपुर की टीम से 25-00 के स्कोर से पराजित होकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस तरह जूनियर टीम ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) हासिल किया।
दोनों टीमों की इस शानदार सफलता से पूरे कोरबा जिले में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क से यह उपलब्धि हासिल की है।
इस टीम के कोच ओमप्रकाश यादव एवं मैनेजर पूर्णिमा के मार्गदर्शन और सहयोग से खिलाड़ियों ने यह सफलता प्राप्त की।
कोरबा की दोनों टीमों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों एवं जिलेवासियों ने खिलाड़ियों, कोच और मैनेजर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीनियर में गोल्ड और जूनियर में सिल्वर जीतकर कोरबा की बेटियों ने साबित कर दिया कि मेहनत और हौसले से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।
विज्ञापन