Shailendra
संवाददाता शैलेन्द्र डिक्सेना
कोरबा। (आई बी एन -24)छत्तीसगढ़ के कोरबा और सरगुजा जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार सुबह हाथियों के हमले की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। सरगुजा में हाथी ने एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया, वहीं कोरबा में हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों के ट्रैक्टर को एक हाथी ने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों घटनाओं के वीडियो भी सामने आए हैं।
सरगुजा में युवक पर किया हमला

सरगुजा जिले के टियरिंग गांव में सोमवार सुबह जशपुर वन क्षेत्र से पहुंचे तीन हाथियों के दल ने ग्रामीणों के बीच दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि हाथियों के इस दल में एक नर, एक मादा और एक बच्चा शामिल है। इसी दौरान ग्रामीण जागेश्वर उर्फ मंत्री पर एक नर हाथी ने हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। उसे पहले बतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोरबा में हाथी ने ट्रैक्टर को किया क्षतिग्रस्त
दूसरी घटना कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है। यहां 11 हाथियों का झुंड पहुंचने की सूचना पर ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे थे। ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर हाथियों को भगाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों से निकले एक हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर दिया।
हाथी ने सूंड से ट्रैक्टर को उठाकर पटक दिया और पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के अचानक हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
वन विभाग ने ग्रामीणों को दी चेतावनी
दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में जाकर हाथियों को खदेड़ने या उनके नजदीक जाने से बचने की सलाह दी है। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन विभाग को जानकारी देने की अपील की गई है।
विज्ञापन