Indian Business News
कोरबा (आई.बी.एन-24)। जिले के उरगा थाना पुलिस पर एक युवक ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की है। ग्राम सलिहाभांठा निवासी शिकायतकर्ता सुखदेव रात्रे ने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मियों ने उसे जुआ खेलने की कार्रवाई में कथित रूप से फंसाया और छोड़ने के एवज में 5 हजार रुपये की मांग की। इसके साथ ही उसके वाहन किराये की राशि बताई जा रही 19 हजार 500 रुपये भी जबरन ले लिए गए।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 22 नवंबर को गांव में कुछ लोग घर के बाहर चौरंगा यानी ताश खेल रहे थे। इसी दौरान उरगा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों को जुआ खेलने के आरोप में पकड़कर थाने ले गई।
युवक का आरोप है कि उसे छोड़ने के एवज में पुलिसकर्मियों ने 5 हजार रुपये की मांग की। कथित दबाव के चलते उसने एक व्यक्ति के खाते में फोन-पे के माध्यम से 1 हजार रुपये ट्रांसफर किए, जबकि शेष 4 हजार रुपये बाद में देने की बात कही गई।
वाहन किराये की रकम लेने का भी आरोप
शिकायत में सुखदेव रात्रे ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पास वाहन किराये के 19 हजार 500 रुपये रखे हुए थे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर जबरन ले लिया। युवक ने अपनी शिकायत में पूरी घटना का उल्लेख करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।
एसपी से निष्पक्ष जांच और रकम वापसी की मांग
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा कथित रूप से ली गई 19 हजार 500 रुपये की राशि वापस दिलाने की मांग की है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। संबंधित पुलिसकर्मियों और उरगा थाना पुलिस का आधिकारिक पक्ष भी सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक इस शिकायत पर क्या जांच और कार्रवाई के निर्देश देते हैं।
विज्ञापन