कोरबा : 15 साल बाद खिला कोरबा में कमल, पाली तानाखार में चला आरी का जादू ,फूलसिंह ने बचाई कांग्रेस की लाज, कटघोरा में जीते प्रेमचंद।
I
Indian Business News
2 years ago
1,418 views
04 Dec 2023
कोरबा (आई.बी.एन. -24) कोरबा जिले में मतगणना का अंतिम चक्र पूरा होते ही परिणाम की घोषणा हो गई है। प्रत्याशित और अप्रत्याशित नतीजों के मध्य कोरबा में भाजपा के लखनलाल देवांगन ने एक बड़ी जीत हासिल कर 15 साल बाद भाजपा को काबिज किया है। लखनलाल ने कांग्रेस उम्मीदवार जयसिंह अग्रवाल को 25802 वोटों से शिकस्त दी है। कांग्रेस की लाज चार सीटों में से एकमात्र रामपुर में बची है और फूलसिंह राठिया ने कद्दावर भाजपा नेता ननकीराम कंवर को 22862 वोटों से हराया है। इसी तरह कटघोरा विधानसभा में कांग्रेस के पुरुषोत्तम कंवर को हराकर भाजपा के प्रेमचंद पटेल ने 17234 वोटों से चुनाव जीत लिया है। पाली-तानाखार विधानसभा में कांग्रेस और भाजपा पर गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी की आरी खूब चली है और तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने काफी कांटे की टक्कर में कांग्रेस को परास्त कर चुनाव जीत लिया है। यहां जीत का अंतर 714 वोटों का है जबकि जीत का दावा करके दिल्ली से टिकट लाने वाले भाजपा के रामदयाल उईके फिर से तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं। परिणाम घोषित होने के साथ ही समर्थकों में उत्साह की लहर है। भाजपाई जय श्रीराम के जयघोष के साथ बैण्ड बाजा की धुन पर नाच रहे हैं। जगह-जगह जीत की बधाईयों के पोस्टर-बैनर भी लगने लगे हैं। मतगणना के आठवें राऊंड के बाद से ही भाजपाईयों ने जीत सुनिश्चित मानकर बैनर पोस्टर बनवाना शुरू कर दिया था और जैसे ही परिणाम घोषित हुआ, इसे जगह-जगह लटकाया गया। कोरबा और कटघोरा में कमल खिलाने के बाद चुनाव संचालकों के चेहरे पर भी खुशी दौड़ पड़ी और इनका कद बढ़ा है।