Indian Business News
कोरबा (आई.बी.एन -24) पाली विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबी धतूरा के छात्र-छात्राओं का नशा करते हुए वीडियो वायरल होने के मामले में भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक एवं बिलासपुर संभाग प्रभारी राजेश यादव ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे की गतिविधियों में शामिल सभी विद्यार्थी नाबालिग हैं। ऐसे में केवल टीसी जारी कर उन्हें विद्यालय से निष्कासित कर देना इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं है।
राजेश यादव ने कहा कि बच्चों से गलती हुई है, लेकिन यह भी संभव है कि उन्हें अपनी गलती का एहसास हो और वे भविष्य में अपनी आदतों में सुधार करना चाहते हों। इसलिए सबसे पहले उनके अभिभावकों की उपस्थिति में उचित काउंसलिंग कराई जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर नशामुक्ति केंद्र में विशेषज्ञों की देखरेख में उनका उपचार कराया जाए। इसके बाद ही परिस्थितियों और जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में अनुशासन और नैतिकता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन दूसरी ओर प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर शासकीय शिक्षकों के शराब सेवन एवं अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई लंबित रहने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में नाबालिग विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित करने वाला इतना कठोर निर्णय लेने से पहले निष्पक्षता और समानता के सभी पहलुओं पर विचार करना जरूरी है।
राजेश यादव ने यह भी कहा कि वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विशेष रूप से यह पता लगाया जाना चाहिए कि कहीं किसी छात्रा को जानबूझकर नशे की सामग्री तो नहीं दी गई अथवा किसी प्रकार का दबाव तो नहीं बनाया गया। इस पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन और आबकारी विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की उपलब्धता पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं है? नाबालिग विद्यार्थियों तक सिगरेट, गांजा अथवा अन्य नशीली सामग्री कैसे पहुंच रही है, यह भी गंभीर जांच का विषय है। केवल विद्यार्थियों के विरुद्ध कार्रवाई करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उन्हें नशीली सामग्री उपलब्ध कराने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
**राजेश यादव ने जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग एवं आबकारी विभाग से मांग की है कि—**
1. सातों विद्यार्थियों को टीसी देने की कार्रवाई पर पुनर्विचार किया जाए।
2. सभी विद्यार्थियों की विशेषज्ञों से काउंसलिंग कराई जाए तथा जरूरत के अनुसार नशामुक्ति केंद्र में उपचार की व्यवस्था हो।
3. वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर यह पता लगाया जाए कि नाबालिगों को नशे की सामग्री किसने और कैसे उपलब्ध कराई।
4. विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।
5. नाबालिगों को नशीली सामग्री बेचने या उपलब्ध कराने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
अंत में राजेश यादव ने कहा कि **बच्चे गलती करें तो उन्हें सुधारने का अवसर देना चाहिए, न कि उनका भविष्य ही समाप्त कर देना चाहिए।** शिक्षा का उद्देश्य केवल अनुशासन स्थापित करना नहीं, बल्कि बच्चों को सही दिशा देकर एक जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है। इसलिए इस मामले में दंडात्मक कार्रवाई से पहले सुधारात्मक पहल को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
विज्ञापन