Shailendra
संवाददाता शैलेन्द्र डिक्सेना
कोरबा।(आई बी एन -24)जिले के ग्राम लाद में 2 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस की जांच में हत्या की वारदात में महिला के घर में गाय चराने वाले व्यक्ति, उसकी पत्नी और एक अन्य दोस्त की भूमिका सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मृतका भगमतिया बाई (70) अपने मकान में अकेली रहती थी। उसका बेटा बाबूलाल मरकाम और बहू पास के दूसरे मकान में रहते थे। 19 नवंबर की रात बुजुर्ग महिला अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।

बताया गया है कि घटना के समय गाय चराने वाले इंद्रपाल अगरिया ने महिला के हाथ पकड़े, जबकि उसकी पत्नी राजकुमारी ने महिला के मुंह में कपड़ा डालकर पैर पकड़ लिए। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इस दौरान आरोपी का दोस्त देव कुमार भी मौके पर मौजूद था।
अगली सुबह बहू घर पहुंची तो बुजुर्ग महिला का शव चारपाई पर पड़ा मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस डॉग स्क्वायड की भी मदद ली।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में हत्या के पीछे 2 हजार रुपये का विवाद सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
विज्ञापन