संवाददाता : हजरत खान।
डोरी बीनने गई थी सुखमत बाई, सरगुजा से आया था हाथी | गांव में पसरा मातम, वन विभाग की अपील- जंगल न जाएं।

कोरबा/कटघोरा (आई.बी.एन -24) जिले के केंदई वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतुरियाडांड में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में लोनर हाथी के हमले से 70 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतका की पहचान सुखमत बाई पति स्व. रामसिंह (70) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुखमत बाई सोमवार सुबह लगभग 5:30 बजे घर से डोरी बीनने के लिए पास के जंगल गई थीं। इसी दौरान वहां अकेले विचरण कर रहे लोनर हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हाथी ने वृद्धा को पैरों से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग के अनुसार उक्त लोनर हाथी दो दिन पूर्व सरगुजा वनमंडल से भटककर कटघोरा वन मंडल के केंदई क्षेत्र में दाखिल हुआ था। हाथी की गतिविधियों पर विभाग का अमला नजर रखे हुए था, लेकिन इसके बावजूद यह दुखद घटना घट गई।
सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वन विभाग ने तत्काल सहायता राशि की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभाग की अपील
वन मंडलाधिकारी ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी प्रभावित इलाकों में सुबह 5 से 8 और शाम 5 से 8 बजे तक जंगल की ओर न जाएं। हाथी दिखने पर शोर न मचाएं और तत्काल वन विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1926 पर सूचना दें।
फिलहाल वन अमला हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने और उसकी निगरानी में जुटा है ताकि आगे कोई और जनहानि न हो।