Indian Business News
रायपुर (आई.बी.एन-24)। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी तरह सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। प्रशासन द्वारा की गई पुख्ता व्यवस्थाओं के बीच जिले की 60 सहकारी समितियों के 73 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से किसानों से धान का उपार्जन किया जा रहा है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए जिला खाद्य अधिकारी श्री जी.एस. कंवर ने बताया कि 15 नवम्बर से प्रारंभ हुए धान खरीदी अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 16,259.2 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। केंद्रों पर धान बेचने के लिए किसानों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते अकेले गुरुवार 26 नवम्बर को ही कुल 3,516.8 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया।
उपार्जन केंद्रों पर बारदाना, तौल और भुगतान जैसी बुनियादी सुविधाओं की सुगम उपलब्धता से अन्नदाताओं में खासा उत्साह है। समय पर और पारदर्शी तरीके से हो रही इस खरीदी ने किसानों को बड़ी राहत दी है।
विज्ञापन